लव मैरिज के 5 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप,पति गिरफ्तार,बाकी फरार

 Newlywed woman dies under suspicious circumstances five months after love marriage; in-laws accused of dowry death,husband arrested, others absconding.

दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में प्रेम विवाह के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के अहिला गांव की रहने वाली काजल कुमारी की मौत के बाद उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पति भूषण गिरी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, केवटी थाना क्षेत्र की रहने वाली काजल कुमारी और अहिला गांव निवासी भूषण गिरी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। करीब पांच महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं था, लेकिन बाद में बेटे की जिद के आगे झुकते हुए काजल को घर में रहने की अनुमति दे दी गई। शादी के कुछ समय बाद भूषण काम के सिलसिले में परदेस चला गया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति के बाहर जाने के बाद ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था। काजल कई बार फोन पर अपने मायके वालों को यह बात बता चुकी थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार दोपहर काजल ने अपनी बड़ी बहन कंचन से फोन पर सामान्य बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उसने किसी बड़ी अनहोनी का जिक्र नहीं किया। लेकिन महज तीन से चार घंटे बाद उसके ससुर ने बेंगलुरु में रह रहे पिता सुधीर गिरी को फोन कर बेटी की मौत की सूचना दी। यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन तत्काल दरभंगा पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के पिता सुधीर गिरी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि वह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी बेटी लगातार ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी और दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। बेंता थाना पुलिस ने परिजनों का आवेदन संबंधित बहादुरपुर थाना भेज दिया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसूनजय कुमार ने बताया कि आरोपी पति भूषण गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अन्य नामजद ससुराल वाले फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रेम विवाह के कुछ ही महीनों बाद हुई इस संदिग्ध मौत ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि काजल की मौत की असली वजह क्या थी और दोषियों के खिलाफ कब तक सख्त कार्रवाई होती है।