लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न: संसद में धर्मेंद्र प्रधान के अभिनंदन पर भड़के राहुल गांधी! बोले- आज उसी व्यक्ति को संसद में BJP माला पहना रही है...

Celebrating the ruin of millions of children's futures: Rahul Gandhi lashes out at the felicitation of Dharmendra Pradhan in Parliament! He remarked—today, the BJP is garlanding the very same person

नई दिल्ली। सोमवार को संसद परिसर में एनडीए के सांसदों द्वारा धर्मेंद्र प्रधान के भव्य स्वागत का मामला देर रात तब खासा चर्चाओं में आ गया, जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसपर सवाल उठाते हुए एक्स पर एक पोस्ट की। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि 'धर्मेंद्र प्रधान भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद एजुकेशन सिस्टम के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे। उसी सिस्टम ने 26 बच्चों की जान ली और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया। इस्तीफा भी नैतिकता से नहीं, युवाओं के आक्रोश से डरकर देना पड़ा और आज उसी व्यक्ति को संसद में BJP माला पहना रही है। राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'यह कोई सम्मान नहीं, लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है।' उन्होंने आगे कहा, देश का हर छात्र ये देख रहा है और इसमें शामिल हर चेहरा याद रखेगा। दरअसल, सोमवार को संसद भवन पहुंचते ही धर्मेंद्र प्रधान का मकर द्वार पर NDA सांसदों ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें पाग पहनाया। इसके बाद सांसद उन्हें पूरे सम्मान के साथ सदन के अंदर लेकर गए। सूत्रों के मुताबिक, इस स्वागत के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती थी कि धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों और देश के हित को ध्यान में रखते हुए अपनी अंतरात्मा की आवाज पर स्वेच्छा से इस्तीफा दिया था। उनके इस फैसले के साथ सरकार और संगठन मजबूती से खड़े हैं। लेकिन राहुल गांधी के पोस्ट ने इस मामले पर एक नई बहस छेड़ दी है।