नया विवादः सेहरी-इफ्तार को लेकर कहासुनी! कश्मीरी छात्रों से बदतमीजी करने के आरोप, यूनिवर्सिटी के वीसी का इस्तीफा! जानें क्या है मामला?
नई दिल्ली। पंजाब के लुधियाना से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने देशभर में एक नई बहस छेड़ दी है। यहां सीटी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन पर कश्मीरी छात्रों के साथ सेहरी और इफ्तार के इंतजाम को लेकर बदतमीजी करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद देश भर में वाइस चांसलर की निंदा हुई। मामला तूल पकड़ने के बाद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन ने इस्तीफा दे दिया है। इस बात की पुष्टि यूनिवर्सिटी के चांसलर और चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने की है और कहा है कि यूनिवर्सिटी ने इस मामले की अंदरूनी जांच शुरू कर दी है। दरअसल, सिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों के ग्रुप ने आरोप लगाया था कि जब उन्होंने सेहरी और इफ्तार के इंतजाम की मांग की तो, यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन ने उनके साथ गाली-गलौज की, गलत कमेंट किए और उनके एडमिशन कैंसिल करने की धमकी दी। यूनिवर्सिटी के चांसलर और चेयरमैन ने इस मामले पर कहा कि वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन से इस्तीफा देने के लिए कहा गया था, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। वाइस चांसलर डॉ. नितिन टंडन के इस्तीफे के बाद इस मामले को लेकर प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों ने अपना प्रोटेस्ट बंद कर दिया है। बता दें कि इस मामले पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया पर आवाज उठाई थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री को टैग करते हुए लिखा कि प्रिय भगवंत मान जी, क्या आप सिटी यूनिवर्सिटी पंजाब के वाइस-चांसलर का समर्थन करते हैं जो कश्मीरी मुस्लिम स्टूडेंट्स को सिर्फ इसलिए गाली दे रहे हैं और धमका रहे हैं, क्योंकि उन्होंने रमजान में इफ्तारी और सेहरी के लिए खाना मांगा था? हैरान हूं कि पंजाब जैसे राज्य में भी कश्मीरियों पर हमला करना आम बात हो गई है। हम वाइस-चांसलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।