नैनीताल: पहाड़ का पानी पहाड़ की जवानी से विरक्त उत्तराखंड! राज्य स्थापना दिवस पर शहीद प्रताप सिंह बिष्ट स्मारक पर कैंडल जलाकर दी शहीदों को श्रद्धांजलि!
नैनीताल। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य आन्दोलनकारी शहीद प्रताप सिंह बिष्ट स्मारक तल्लीताल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें उत्तराखंड आन्दोलन में शहीद होने वाले शहीदों के नाम कैंडल जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी और आंदोलन के दिनों को याद किया गया। आंदोलन के दिनों को याद करते हुए राज्यआंदोलनकारी व पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल नें कहा कि जिस सपने को लेकर उत्तराखंड राज्य की लड़ाई शुरू की थी आज 23 वर्ष बाद भी हम वो उत्तराखंड नहीं बना पाए जिसको लेकर पृथक राज्य बनाने की परिकल्पना की थी आज भी पहाड़ का पानी, पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आ रही है। किसी भी सरकार ने युवाओं को लेकर कोई रोजगारपरक नीति नहीं बनाई, जिससे आज भी उत्तराखंड का युवा अपने ही घर में प्रवासी बनने को मजबूर है। वहीँ राज्य आन्दोलनकारी कंचन चंदोला ने भी राज्य की दुर्दशा पर प्रकाश डाला। वक्ताओं में अधिवक्ता दुर्गा सिंह मेहता, दिग्विजय सिंह बिष्ट, कौशल साह जगाती, मो. ख़ुर्शीद हुसैन, ने अपने विचार रखे, सभा का संचालन अविदित नौलियाल नें किया। लगातार दो वर्षों से शहीद स्मारक पर राज्य स्थापना दिवस मनाकर शहीदों को याद करने वाले कार्यक्रम के आयोजक अविदित नौलियाल व मो. ख़ुर्शीद हुसैन ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के शहीदों के नाम एक शाम तो होनी ही चाहिए और अब इस प्रथा को आगे बढ़ाना है आगे शहीदों के सम्मान में और भी कार्यक्रम किये जाते रहेंगे। इस अवसर पर डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, कंचन चन्दौला, डी एस मेहता, कौशल साह जगाती, रमन साह, सोनाली मिश्रा, वी एस पाल, पुष्कर सिंह समेत भारी मात्रा में लोग मौजूद थे।


