नैनीतालः हल्द्वानी में राधिका ज्वैलर्स पर हुई चोरी का खुलासा! अंतरराज्यीय गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद

Nainital: Theft at Radhika Jewellers in Haldwani revealed! Four members of an interstate gang arrested, jewelry worth lakhs recovered.

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने बीते दिनों हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में राधिका ज्वैलर्स पर हुई चोरी का खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों को नेपाल बॉर्डर के पास बनबसा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आज मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि घटना में चोरी गए लगभग 22 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन बोलेरो को भी सीज किया गया है। जानकारी के अनुसार दिसंबर 2025 में अज्ञात चोरों ने दुकान की दीवार तोड़कर राधिका ज्वैलर्स से 20-25 किलो चांदी, 300-400 ग्राम सोने के आभूषण और 20-25 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए थे। मामले में पीड़ित नवनीत शर्मा की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने अधीनस्थों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए थे। जिसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने उत्तराखण्ड और पड़ोसी राज्यों के साथ-साथ नेपाल बॉर्डर पर लगातार जांच कर 4 चोरों बसंत खत्री, तनवीर अहमद, इमरान शेख और मकसूद शेख को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में 54 ग्राम पीली धातु और 7.245 किलो चांदी के आभूषण शामिल हैं, जिनकी कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है। चोरी में प्रयुक्त वाहन बोलेरो को अग्रिम जांच के लिए सीज किया गया। एसएसपी ने पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य को सराहते हुए सभी सदस्यों को 2,500 रुपये से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पूछताछ पर आरोपी मकसूद शेख ने अपने विरुद्ध रांची और सूरत जिले में चोरी के मामले पंजीकृत होना बताया है, जिसके सम्बन्ध में संबंधित जनपदों से जानकारी ज्ञात की जा रही है। उपरोक्त सभी अभियुक्तगणों का आपराधिक इतिहास अन्य जनपदों एवं राज्यों से ज्ञात किया जा रहा है।