नैनीताल:उत्तराखंड हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़ी,सिद्धार्थ साह बने हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश

Nainital: The number of judges in the Uttarakhand High Court has increased; Siddharth Sah has been appointed as an additional judge of the High Court.

नैनीताल।


नैनीताल निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद भारत सरकार द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।


भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, सिद्धार्थ साह की नियुक्ति भारतीय संविधान के अनुच्छेद 224(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। यह नियुक्ति उनके द्वारा पदभार ग्रहण किए जाने की तिथि से प्रभावी होगी।
नियुक्ति से पूर्व सिद्धार्थ साह उत्तराखंड हाईकोर्ट में एक अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनकी नियुक्ति की सूचना औपचारिक रूप से उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के सचिवालय को प्रेषित कर दी गई है।
भारत सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन द्वारा हस्ताक्षरित यह अधिसूचना 5 जनवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित जैसलमेर हाउस से जारी की गई।


4 सितंबर 1971 को जन्मे सिद्धार्थ साह की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोजफ कॉलेज, नैनीताल से हुई। उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई बिड़ला विद्या मंदिर से पूर्ण की। इसके बाद उन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की तथा अल्मोड़ा से विधि (लॉ) की पढ़ाई पूरी की।
उनके पिता एम. एल. साह भी अधिवक्ता हैं। परिवार में उनके छोटे चाचा राजीव लोचन साह वरिष्ठ पत्रकार हैं। उनकी बहन साईं किरण साह अधिवक्ता हैं, जबकि बड़े भाई दीपांजन साह बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी दीप्ति गृहिणी हैं तथा उनकी दो पुत्रियां हैं।
सिद्धार्थ साह की उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति पर नैनीताल शहर में खुशी का माहौल है। अधिवक्ता समुदाय और नगरवासियों ने उनकी नियुक्ति को गर्व का विषय बताया है।