नैनीतालः हिमालय दर्शन क्षेत्र में सुरक्षा दीवार तोड़े जाने के मामले में प्रशासन सख्त! एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

Nainital: The administration is taking a tough stand on the breach of the security wall in the Himalayan Darshan area. The SDM conducted a site inspection.

नैनीताल। नैनीताल के प्रसिद्ध हिमालय दर्शन क्षेत्र में पुरानी सुरक्षा दीवार हटाए जाने की सोशल मीडिया पर वायरल खबर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम नवाजिश खलीक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति सुरक्षा दीवार हटाए जाने का मामला सामने आने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर खबर प्रसारित हुई थी कि हिमालय दर्शन क्षेत्र में वर्षों पुरानी सुरक्षा प्रोटेक्शन वॉल को हटाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। खबर सामने आते ही प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और एसडीएम नवाजिश खलीक के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग, विकास प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि जिस स्थान पर सुरक्षा दीवार हटाई गई थी, वह भूमि एक निजी व्यक्ति के स्वामित्व में है। संबंधित व्यक्ति अपनी भूमि तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वहां अप्रोच मार्ग का निर्माण करा रहा था। इसी कार्य के दौरान वहां बनी पुरानी सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया गया। हालांकि जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि संबंधित व्यक्ति द्वारा निर्माण कार्य के लिए न तो किसी प्रकार का स्वीकृत नक्शा लिया गया था और न ही रिटेनिंग वॉल अथवा अन्य निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम नवाजिश खलीक ने मौके पर स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति सुरक्षा दीवार हटाना अत्यंत गंभीर मामला है, क्योंकि यह दीवार लंबे समय से क्षेत्र की सुरक्षा के लिए बनाई गई थी और इसके हटने से भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना या खतरे की आशंका उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने संबंधित व्यक्ति को निर्देशित किया कि सुरक्षा दीवार को तत्काल प्रभाव से पुनः पूर्व स्थिति में बनाया जाए। इसके साथ ही विकास प्राधिकरण को बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्य के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि शाम तक सुरक्षा दीवार को पूर्ववत स्थिति में बहाल कर दिया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का पुनः निरीक्षण कर उसे पहले की तरह सुरक्षित बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े। हिमालय दर्शन क्षेत्र नैनीताल का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।