नैनीताल: हल्द्वानी नगर निगम के वार्ड-9 का चुनाव निरस्त! जिला न्यायाधीश ने पार्षद का निर्वाचन किया शून्य घोषित
हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के वार्ड संख्या-9 (तल्ली बमौरी) से निर्वाचित पार्षद राजेन्द्र सिंह जीना का निर्वाचन जिला न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। माननीय जिला न्यायाधीश, नैनीताल ने निर्वाचन परिणाम को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के बाद महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए चुनाव को शून्य घोषित कर दिया। न्यायालय ने निर्वाचन याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए अपने निर्णय में कहा कि निर्वाचित पार्षद द्वारा चुनाव प्रक्रिया के दौरान भ्रष्ट आचरण किए जाने के आरोप प्रमाणित पाए गए। न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों और अभिलेखों के आधार पर यह निष्कर्ष दर्ज किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई, जिसके चलते निर्वाचन को वैध नहीं माना जा सकता। फैसले में न्यायालय ने राजेन्द्र सिंह जीना का निर्वाचन निरस्त करते हुए वार्ड संख्या-9 में पुनः चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग को आदेशित किया गया है कि उक्त वार्ड में तीन माह के भीतर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाए। यह निर्णय स्थानीय निकाय चुनावों में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के महत्व को रेखांकित करने वाला माना जा रहा है। न्यायालय के आदेश के बाद अब वार्ड संख्या-9 में नए सिरे से चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता जय कृष्ण पाण्डेय ने न्यायालय में पक्ष प्रस्तुत किया।