नैनीतालः 21वां गवर्नर गोल्फ कप टूर्नामेंट शुरू! राज्यपाल गुरमीत सिंह ने टी ऑफ कर किया शुभारंभ, 179 गोल्फर कर रहे प्रतिभाग
नैनीताल। नैनीताल के राजभवन में 21वां गवर्नर गोल्फ कप टूर्नामेंट आज से शुरू हो गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने टी ऑफ कर गोल्फ कप का विधिवत शुभारंभ किया। 22 मई से 25 मई तक चलने वाले गोल्फ टूर्नामेंट में देशभर के 179 गोल्फर प्रतिभाग कर रहे है। राज्यपाल ने आज टी ऑफ कर गोल्फ कप का विधिवत शुभारंभ करते हुए प्रतियोगिता में आए सभी प्रतिभागियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी। प्रतियोगित जूनियर, सीनियर और महिला वर्ग में खेली जाएगी। नैनीताल गोल्फ कोर्स में खेले जानी वाले टूर्नामेंट का मकसद गोल्फ को बढ़ावा देना है। ताकि युवा पीढ़ी गोल्फ के प्रति आकर्षित हो सके। बता दें कि राजभवन में मौजूद गोल्फ कोर्स की विशेष खासियत रही है। यह गोल्फ कोर्स देश के अन्य गोल्फ कोर्सों के मुकाबले बेहद अलग है। जहां दूसरे गोल्फ कोर्स खुले मैदान की तरह होते हैं, वहीं नैनीताल राजभवन का गोल्फ कोर्स घने जंगलों से घिरा हुआ है। यहां पूरा गोल्फ कोर्स नजर नहीं आता। लिहाजा यहां खेलना गोल्फर के लिए बेहद चुनौती भरा रहता है।