नैनीताल: फांसी गधेरे में सीवर लीकेज, कुमाऊं आयुक्त ने फिर लिया संज्ञान, अधिकारियों की तय की जवाबदेही,मौके पर पहुंचकर तुरंत मरम्मत के आदेश
नैनीताल।
तल्लीताल स्थित फांसी गधेरे में लगातार हो रहे सीवर लीकेज और उसके झील में समाने के मामले को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने उत्तराखण्ड जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता, हल्द्वानी को तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कुमाऊं आयुक्त को प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 की सायं से फांसी गधेरे क्षेत्र में सीवर का गंदा पानी लगातार बह रहा है, जो सीधे नैनी झील में मिल रहा है। बताया गया है कि जल संस्थान द्वारा अब तक इस लीकेज को रोकने और स्थायी समाधान करने में सफलता नहीं मिल पाई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने अधीक्षण अभियंता को स्वयं स्थल निरीक्षण करने, सीवर लीकेज की तत्काल मरम्मत कराने तथा की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि नैनी झील शहर की जीवनरेखा होने के साथ-साथ पर्यटन और पर्यावरण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में झील में सीवर का पानी जाने की घटना स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।