नैनीताल:कैंचीधाम से लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी,एक की मौत की सूचना,चार घायल!
भूमियाधार में 250 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, एक युवक की मौत; चार घायल
नैनीताल के भूमियाधार क्षेत्र में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योलिकोट से भवाली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सटेंशन पर कैंचीधाम दर्शन के बाद हल्द्वानी की ओर जा रही दिल्ली के युवकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत की सूचना है, जबकि चार युवक घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार काले रंग की स्कॉर्पियो संख्या HR-36-AP-2156 में सवार युवक कैंचीधाम में दर्शन के बाद हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। भूमियाधार क्षेत्र में पहुंचने के दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही ज्योलिकोट पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल दुर्गम होने के साथ ही अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में टीमों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीम ने वाहन से दो घायलों को बाहर निकाला, जबकि एक युवक वाहन के भीतर फंसा हुआ था। काफी मशक्कत के बाद उसे भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और प्रशासन की टीमों का सहयोग किया। विषम परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।
घायलों को उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है। हादसे में एक युवक की मौत की सूचना है। हालांकि मृतक और घायलों की पहचान की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ ही दुर्घटना में शामिल लोगों की पहचान और अन्य आवश्यक जानकारी जुटा रही है।