कैंची धाम दर्शन के बाद मातम में बदली खुशियाँ: भूमियाधार में 250 फीट गहरी खाई में गिरी श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो,एक की मौत, चार घायल
उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ शनिवार शाम एक अत्यंत दर्दनाक हादसा घटित हो गया। नैनीताल जिले के ज्योलिकोट-भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सटेंशन स्थित भूमियाधार क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कैंचीधाम दर्शन के बाद दिल्ली लौट रहे युवकों की खुशियां शनिवार शाम नैनीताल के भूमियाधार क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद मातम में बदल गईं। ज्योलिकोट से भवाली की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एक्सटेंशन पर एक काली स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत की सूचना है, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि दिल्ली से आए युवक स्कॉर्पियो कार संख्या HR-36-AP-2156 से कैंचीधाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद वे वाहन से हल्द्वानी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भूमियाधार क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो करीब 250 फीट नीचे जा पहुंची। वाहन के खाई में गिरते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को हादसे की सूचना दी। अंधेरा बढ़ने के साथ खाई में रेस्क्यू अभियान और भी चुनौतीपूर्ण हो गया। सूचना मिलने के बाद ज्योलिकोट पुलिस के साथ प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनास्थल दुर्गम होने और रात का अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को घायलों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद जवानों ने अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान दो घायलों को वाहन से बाहर निकाल लिया गया। वहीं एक युवक स्कॉर्पियो के अंदर ही फंसा हुआ था। टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे भी बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी विषम परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू अभियान में पुलिस और प्रशासन का सहयोग किया। रेस्क्यू के बाद घायल युवकों को उपचार के लिए भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है। हादसे में एक युवक की मौत की सूचना सामने आई है। हालांकि, मृतक और घायलों की आधिकारिक पहचान की जानकारी पुलिस की ओर से जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन की गति कितनी थी और चालक का वाहन पर नियंत्रण किस वजह से बिगड़ा। कैंचीधाम क्षेत्र में दर्शन के बाद लौट रहे इन युवकों के साथ हुआ हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी की जरूरत को सामने लाता है। खासकर शाम और रात के समय घुमावदार एवं दुर्गम सड़कों पर वाहन चालकों के लिए थोड़ी सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।