नैनीताल: शादी का झांसा, बाउंसरों का आतंक और हथियार… नरेश पांडे मामले में पुलिस सख्त! आर्म्स एक्ट में मुकदमा, लाइसेंसी हथियार सीज

Nainital: Marriage Deception, Bouncer Intimidation, and Weapons... Police Crack Down in Naresh Pandey Case; Case Registered Under Arms Act, Licensed Weapons Seized.

शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोपों में घिरे नरेश पांडे पर अब पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मामले की जांच के बीच नैनीताल पुलिस ने नरेश पांडे के साथ घूम रहे कथित बाउंसरों और प्राइवेट गनरों पर सख्त कार्रवाई करते हुए हथियारों की जांच, सत्यापन और पूछताछ की कार्रवाई की है। पुलिस ने एक लाइसेंसी हथियार भी जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को एक युवती ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नरेश पांडे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर कोतवाली मल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 के तहत धारा 351(2)/69 बीएनएस में केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में नरेश पांडे कथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ घूमकर दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए 19 मई को पुलिस ने नरेश पांडे के साथ मौजूद बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन, लाइसेंस जांच और पूछताछ की। जांच में सामने आया कि ऊधम सिंह नगर निवासी लखविंदर सिंह अपने निजी सुरक्षा लाइसेंस पर लिए गए हथियार का इस्तेमाल नरेश पांडे को सुरक्षा देने में कर रहा था। पुलिस के अनुसार उक्त हथियार के साथ क्षेत्र में घूमकर भय और आतंक का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी। लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 30 के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया है। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।

इसके अलावा विशेष नाग निवासी पंजाब और मधुसूदन सिंह निवासी अल्मोड़ा के खिलाफ भी धारा 172 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी कथित बाउंसरों को राउंडअप कर सख्त पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि लाइसेंसी हथियारों और बाउंसरों का इस्तेमाल कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। एसएसपी नैनीताल ने साफ निर्देश दिए हैं कि अवैध तरीके से हथियारबंद लोगों और गुंडा तत्वों के साथ घूमकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।