नैनीताल: बारिश का बड़ा अलर्ट! कल 9 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Nainital: Major rain alert! All schools and Anganwadi centers to remain closed tomorrow, July 9; DM issues orders.

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद नैनीताल के लिए 9 जुलाई को जारी किए गए ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए कहा कि मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। वर्तमान में भी जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर तेजी से बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 9 जुलाई (गुरुवार) को सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान या संबंधित अधिकारी द्वारा आदेश की अवहेलना या लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। जिला प्रशासन ने कहा है कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।