नैनीताल:पब्लिक प्लेस डीएसए मैदान में नहीं होगी ईद की नमाज!डीएम बोले-मस्जिदों में अदा करें नमाज,बड़ा सवाल - तो क्या अन्य धार्मिक गतिविधियों पर भी लगेगी रोक?
नैनीताल। ईद-उल-जुहा की नमाज को लेकर द नैनीताल जिमखाना एवं जिला खेल संघ (डीएसए) मैदान पर चल रहा असमंजस आखिरकार समाप्त हो गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार डीएसए मैदान में ईद की नमाज आयोजित नहीं होगी। प्रशासन की ओर से लोगों से मस्जिदों एवं निजी परिसरों में शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा करने की अपील की गई है।
दरअसल, डीएसए प्रबंधन द्वारा पहले अंजुमन इस्लामिया को 28 मई 2026 को ईद की नमाज के लिए मैदान उपयोग की अनुमति दी गई थी। हालांकि, कुछ घंटों बाद ही यह अनुमति निरस्त कर दी गई, जिसके बाद शहर में विभिन्न चर्चाएं और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
अब जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि डीएसए मैदान मुख्य रूप से खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित स्थल है। वर्तमान में वहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और टूर्नामेंट संचालित हो रहे हैं, इसलिए मैदान को किसी धार्मिक आयोजन के लिए उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
प्रशासन ने यह भी कहा कि सार्वजनिक व्यवस्था और खेल गतिविधियों को प्रभावित किए बिना ईद की नमाज मस्जिदों एवं निजी प्रतिष्ठानों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाए। प्रशासन के इस बयान के बाद मैदान को लेकर बना संशय काफी हद तक समाप्त हो गया है।
हालांकि, शहर में अब इस बात को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं कि क्या खेल मैदानों के उपयोग को लेकर यही व्यवस्था भविष्य में अन्य धार्मिक आयोजनों पर भी समान रूप से लागू की जाएगी?क्योंकि इसी डीएसए मैदान में भव्य नंदा देवी महोत्सव,दुर्गा महोत्सव,इत्यादि आयोजन हर साल होते हैं।