नैनीताल जिला बार चुनाव: कड़े मुकाबले में अरुण सिंह बिष्ट अध्यक्ष और संजय सुयाल सचिव निर्वाचित, अधिवक्ताओं में भारी उत्साह
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए बुधवार को हुए चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कशमकश भरे चुनावी मुकाबले में अरुण सिंह बिष्ट ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया, जबकि संजय सुयाल सचिव पद पर विजयी रहे। चुनाव परिणामों की घोषणा होते ही कचहरी परिसर में जश्न का माहौल छा गया और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला की देखरेख में मतदान की प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे शुरू हुई, जो शाम 03:00 बजे तक निर्बाध रूप से चली। बार एसोसिएशन के कुल 300 से अधिक पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 257 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम करीब पांच बजे मतगणना पूरी होने के बाद आधिकारिक परिणामों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबले में अरुण सिंह बिष्ट को कुल 96 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नीरज साह (88 मत) को 8 मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं, तीसरे स्थान पर रहे हरिशंकर कंसल को 71 मतों से संतोष करना पड़ा। सचिव पद पर भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। संजय सुयाल ने 130 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी अनिल सिंह बिष्ट 124 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल ने एकतरफा जीत हासिल की; उन्हें 152 मत मिले, जबकि विपक्षी प्रत्याशी प्रमोद तिवाड़ी को 98 मत प्राप्त हुए। कार्यकारिणी के अन्य पदों पर चुनाव की स्थिति नहीं बनी। कोषाध्यक्ष पद पर नीरज गोस्वामी समेत तारा आर्या, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कार्यकारिणी सदस्य के कुल 5 पदों में से केवल 4 पर ही नामांकन आए थे, जिसके चलते इन चारों को निर्विरोध चुना गया। कार्यकारिणी का पांचवां रिक्त पद अब जिला न्यायाधीश की संस्तुति से भरा जाएगा। जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट और सचिव संजय सुयाल ने सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बार एसोसिएशन की गरिमा को बढ़ाना और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अधिवक्ता कल्याण की योजनाओं पर कार्य करेंगे। चुनाव संपन्न कराने में चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला और उनकी टीम का विशेष सहयोग रहा।