नैनीताल:कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी,आरडीएक्स का दावा कर अब दूसरा मेल भी पहुंचा,सुरक्षा एजेंसियां फिर अलर्ट
जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर कोर्ट प्रशासन को आरडीएक्स से जुड़े धमकी भरे मेल ने हड़कंप मचा दिया। इससे पहले भी सोमवार को इसी तरह का संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें तमिलनाडु में EWS रिजर्वेशन वापस न लेने पर धमके करने की धमकी दी गई थी,जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह न्यायालय से जुड़े आधिकारिक ईमेल पर एक और धमकी भरा संदेश भेजा गया। इस मेल में दावा किया गया कि जज चैंबर के आसपास आरडीएक्स विस्फोटक लगाए गए हैं और तय समय पर विस्फोट किया जा सकता है। मेल में यह भी लिखा गया कि परिसर को तत्काल खाली कराया जाए।
धमकी भरे संदेश में खुद को लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम और पाकिस्तान आईएसआई से जोड़ते हुए घटना की जिम्मेदारी लेने जैसी बातें भी लिखी गई हैं। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं और फिलहाल इसे संदिग्ध मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इससे पहले सोमवार को आए मेल को टेस्ट अलर्ट मानते हुए बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया था।

ताजा मेल सामने आने के बाद एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं,साथ ही सत्र न्यायालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी जांच इत्यादि करके ही उसे अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।