नैनीताल बिग ब्रेकिंग: यौन शोषण का आरोपित नरेश पांडे गिरफ्तार
नैनीताल। नैनीताल जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां भवाली के चर्चित यौन शोषण मामले में आरोपित नरेश पांडे को पुलिस ने मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो गिरफ्तारी के समय घर की महिलाओं ने पुलिस को अंदर घुसने नहीं दिया। वहीं गिरफ्तारी से पहले आरोपित नरेश पांडे ने अपने फेसबुक अकाउंट से लाइव प्रसारण किया। लाइव वीडियो में उन्होंने दावा किया कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची है। लाइव वीडियो में नरेश पांडे ने आरोप लगाया है कि पुलिस कर्मियों ने उनके परिवार, विशेषकर उनकी नाबालिग बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस बिना वारंट उनके घर में दाखिल हुई।
फेसबुक लाइव के दौरान नरेश पांडे ने दावा किया कि उनकी बेटी के साथ धक्का-मुक्की हुई, उसके कपड़े फाड़ दिए गए और परिवार के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। उन्होंने पुलिस पर दबाव में कार्रवाई करने और उन्हें झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया। वीडियो में नरेश पांडे ने एक बोतल दिखाते हुए जहर पीने का भी दावा किया और कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। हालांकि, उनके इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि नरेश पांडे के खिलाफ दर्ज यौन शोषण के मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंड हाईकोर्ट का रुख किया और हाईकोर्ट से भी अग्रिम जमानत याचिका खारिज की गई थी। फिलहाल ये मामला हाईकोर्ट में अभी विचाराधीन है।