नैनीताल:एक शाम शहीदों के नाम!उत्तराखंड रजत जयंती के अवसर पर आंदोलन को याद कर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर आज प्रताप सिंह स्मारक स्थल पर "एक शाम शहीदों के नाम" कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्षों को याद किया गया और वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर चर्चा की गई। पूरा आयोजन भावुक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में वरिष्ठ आंदोलनकारी कंचन चंदोला ने राज्य में बढ़ती पलायन की समस्या पर चिंता व्यक्त की। वक्ता राजीव पाठक ने आंदोलन के दौर के भावनात्मक माहौल का वर्णन करते हुए अनेक महत्वपूर्ण प्रसंगों को साझा किया। वहीं उत्तराखंड हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गा सिंह मेहता ने आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता त्रिभुवन सिंह फर्तियाल ने की। उन्होंने राज्य आंदोलन की गाथा को याद करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। अधिवक्ता विनोद तिवारी ने भी राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के दोहन एवं छेड़छाड़ पर चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर उत्तराखंड हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गा सिंह मेहता, अधिवक्ता विनोद तिवारी, राजीव पाठक, ईश्वर सुशील शर्मा, डीजीसी फौजदारी पूरन सिंह, सुशील कुमार, अधिवक्ता कैलाश जोशी सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी एवं लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अविदित नोलियाल द्वारा किया गया। समापन पर सभी आंदोलनकारियों के सम्मान में मोमबत्ती जलाकर "गिरदा की पंक्तियां — उत्तराखण्ड मेरी मातृभूमि" गीत सामूहिक रूप से गाया गया।