नैनीताल: सड़क किनारे मलबा छोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई! सड़क किनारे बिल्डिंग मटेरियल पर होगी सख्ती, पेनल्टी और जब्ती की चेतावनी
नैनीताल। नैनीताल में वर्षाकाल के दौरान झील में मलबा जाने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर पालिका और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री और मलबे के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि शहर में अक्सर रिपेयरिंग और निर्माण कार्यों के दौरान बिल्डिंग मटेरियल व मलबा सड़क किनारे पड़ा रहता है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव वर्षाकाल में देखने को मिलता है। बारिश के दौरान यही मलबा बहकर नैनीताल झील में पहुंच जाता है, जिससे पर्यावरण को नुकसान होने के साथ झील की स्वच्छता भी प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंडल स्तर से भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका को स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री को हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नगर पालिका पेनल्टी लगाने और सामग्री जब्त करने जैसी कार्रवाई भी कर सकती है।
वहीं विकास प्राधिकरण को भी इस अभियान में शामिल किया गया है, क्योंकि भवन मरम्मत और निर्माण कार्यों की अनुमति प्राधिकरण द्वारा दी जाती है। प्राधिकरण के अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देशित किया है कि विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे पड़े बिल्डिंग मटेरियल और मलबे का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान मलबा झील तक न पहुंच सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्रशासन के पास भी कार्रवाई के पर्याप्त अधिकार मौजूद हैं।