MyFledge घोटाला:फरार डायरेक्टर्स को कोर्ट ने दिया आखिरी मौका,29 अप्रैल को पेश होने के आदेश
मुंबई, अप्रैल 2026:
साल 2025 में दर्ज कई आपराधिक मामलों में घिरी MyFledge प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अब तक अदालत में पेश नहीं हुए हैं, जिसके बाद मुंबई की अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें 29 अप्रैल 2026 को अंतिम मौका दिया है। यह मामला 32 चेक बाउंस केस से जुड़ा है, जिसकी कुल रकम करीब ₹4,44,48,000 बताई जा रही है। इस पूरे मामले में कथित LUCC घोटाले का भी कनेक्शन सामने आया है।

वहीं महाभारत से पहचान बनाने वाले अभिनेता Aayush Shah और उनकी बहन मौसमी शाह ने कंपनी के निदेशकों—बिश्वजीत बादल चंद्र घोष, पियाली श्यामलेन्दु चटर्जी, बिजोया सुभ्रत कुमार दास और बादल चंद्र घोष—पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक विश्वासघात जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसकी सुनवाई अंधेरी कोर्ट में चल रही है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लोन और निवेश हासिल करने के लिए फर्जी बैंक स्टेटमेंट और दस्तावेजों का इस्तेमाल किया, वहीं आयुष शाह को दिए गए कई चेक बाउंस हो गए जिससे विवाद और गहरा गया। यह मामला LUCC से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं का हिस्सा भी माना जा रहा है और MyFledge से जुड़े लोगों के खिलाफ देशभर में कई FIR दर्ज की जा चुकी हैं।
इसके अलावा कंपनी पर छात्रों को गुमराह करने के भी आरोप हैं, जहां कई छात्रों का कहना है कि उन्हें पक्की नौकरी और बेहतर ट्रेनिंग का वादा किया गया, लेकिन भारी फीस लेने के बावजूद न तो प्रमाणपत्र मिला और न ही रोजगार के अवसर। फिलहाल आरोपी निदेशक फरार बताए जा रहे हैं और लगातार कोर्ट की कार्यवाही से बचते रहे हैं, ऐसे में 29 अप्रैल 2026 की सुनवाई इस मामले में एक अहम मोड़ साबित हो सकती है