उत्तराखंड में बढ़ सकता है मोटर व्हीकल टैक्स
देहरादून। प्रदेश में मोटर व्हीकल टैक्स बहुत जल्द बढ़ सकता है। इसके लिए परिवहन आयुक्त मुख्यालय ने कामर्शियल यात्री वाहनों पर मोटर व्हीकल टैक्स को बढ़ाने की सिफारिश की है। सूत्रों की मानें तो मोटर व्हीकल टैक्स को यूपी के तर्ज पर बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि यूपी में आने वाले वाहनों से प्रतिमाह 400 रूपए प्रति सीट वसूला जाता है, जबकि उत्तराखण्ड में यह टैक्स महज 100 रुपये है। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि बहुत जल्द यूपी की तर्ज पर यहां भी मोटर व्हीकल टैक्स बढ़ाया जा सकता है। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पूर्व परिवहन सचिव ने इस संबंध में परिवहन आयुक्त को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए थे। सूत्रों के अनुसार परिवहन आयुक्त ने प्रस्ताव सरकार को सौंप दिया है। यूपी में वर्तमान यात्री वाहन से प्रति सीट 400 रुपये लिए जाते हैं। एसी वाहन के लिए यह टैक्स 600 रुपये प्रति सीट है। उत्तराखंड में करीब वर्ष 2012 से मोटर व्हीकल टैक्स 100 रुपये ही चला आ रहा है। इस अब यूपी के समान करने की तैयारी है। सू्त्रों के अनुसार प्रथम चरण में यह शुल्क रोडवेज पर लागू किया जा सकता है। इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय कैबिनेट की बैठक में लिया जायेगा।