मोदी जी 2026 पूरा नहीं कर पाएंगे बतौर पीएम...: अरविंद केजरीवाल का बड़ा दावा! बोले- खत्म होने वाला है साम्राज्य, सोशल मीडिया पर गिरती लोकप्रियता का दिया हवाला
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के तौर पर 2026 पूरा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरा दिल और राजनीतिक समझ कहती है कि मोदी और अमित शाह जाने वाले हैं। केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी की पॉपुलैरिटी आज पाताल लोक पहुंच चुकी है। उनका साम्राज्य जाने वाला है। शिवसेना नेता संजय राउत की किताब के लॉन्च के मौके पर केजरीवाल ने यह दावा किया। इस कार्यक्रम में कपिल सिब्बल, दिग्विजय सिंह और संजय सिंह समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए। मंच पर आप संयोजक केजरीवाल ने कहा कि मैं बहुत ज्यादा अनुभवी तो नहीं हूं, स्टेज के ऊपर बहुत महानुभाव लोग बैठे हैं जो राजनीति में बहुत ज्यादा समझ रखते हैं। लेकिन मेरा दिल कहता है और थोड़ी बहुत जो पॉलिटिकल समझ कहती है कि शायद मोदी जी 2026 पूरा नहीं करेंगे प्रधानमंत्री के तौर पर। केजरीवाल ने आगे कहा कि मोदी जी और अमित शाह जी जाने वाले हैं। उनका साम्राज्य खत्म होने वाला है। जनता के बीच वे इतने अलोकप्रिय हो चुके हैं कि इन्होंने हजारों-लाखों ट्रोल बिठा रखे हैं और इसके बावजूद सोशल मीडिया का नैरेटिव कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं। उन्होने आगे कहा कि मोदी जी एक पोस्ट डालते है तो उसके नीचे कमेंट्स में सिर्फ गालियां मिलती हैं और इसके अलावा कुछ नहीं होता। जबकि एक समय ऐसा होता था कि इनकी पूरी मशीनरी मिलकर एक भी नेगेटिव कमेंट आने पर उसे डिलीट या म्यूट कर देते थे। आप संयोजक केजरीवाल ने कहा कि एक समय जब मोदी जी के खिलाफ कोई मीम बना देता था तो उसको जेल हो जाती थी। लेकिन अब इतने मीम बन रहे हैं कि किस-किस को जेल में डालेंगे। सोशल मीडिया का पूरा माहौल और ईको-सिस्टम ही बदल चुका है और वही आपको बताता है कि मोदी जी की पॉपुलैरिटी आज पाताल लोक में पहुंच चुकी है।