चांद पर चमत्कारः तीसरी बार जिंदा हुआ चंद्रयान! अचानक भेजने लगा तस्वीरें, जानें मून मिशन का वो रहस्य जिसने एक्सपर्ट्स को भी किया हैरान

Miracle on the Moon: Chandrayaan comes alive for the third time! Suddenly started sending pictures, know the secret of Moon Mission which surprised even the experts

नई दिल्ली। चांद पर एक बड़ा चमत्कार हुआ है, जिसे देखकर एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं। खबरों की मानें तो जापान का चंद्रयान तीसरी बार जिंदा हो गया है और उसने तस्वीरें भी भेजी हैं। बता दें कि जापान की स्पेस एजेंसी जाक्सा ने बीते साल 7 सितंबर को अपने स्नाइपर को चांद के लिए रवाना किया था, जो चार महीने से ज्यादा की यात्रा के बाद स्लिम मिशन के तहत चांद पर लैंड हुआ। इसी के साथ जापान चांद पर पहुंचने वाला पांचवा देश बन गया था। हालांकि मून स्नाइपर की लैंडिंग मन मुताबिक नहीं हुई, जिसकी वजह से माना जाने लगा कि जापान का चंद्रयान ज्यादा वक़्त तक चांद पर जिंदा नहीं रहेगा, लेकिन तीसरी बार उसने चमत्कार कर दिया। जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के मुताबिक उसका स्नाइपर लेंडर यानी कि जापान का चंद्रयान तीसरी बार जिंदा हो गया है और उसने तस्वीरें भी भेजी है। आपको बता दें कि चंद्रमा पर 14 दिनों तक अंधेरा रहता है और तापमान के काफी नीचे चले जाने की वजह से मून मिशन के ज्यादा लंबे समय तक चलने की उम्मीद नहीं रहती। जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी के मुताबिक जापान के मून स्नाइपर लेंडर ने तीसरी बार बाधाओं को पार किया है, और वह ऐसी कठोर परिस्थिति को सहन करने के लिए डिज़ाइन नहीं किया गया था। इसके बाद भी वह चन्द्रमा की एक लंबी और ठंडी रात में भी जीवित रह गया। नासा के अनुसार चांद पर जब रात होती है, तब वहां का तापमान शून्य से 208 डिग्री फ़ारेनहाइट तक गिर जाता है। खबरों के मुताबिक जापान के मून स्नाइपर से एक चंद्र रात को भी झेलने की उम्मीद नहीं थी।