Good Morning India: अतुल सुभाष सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, पत्नी, भाई और मां गिरफ्तार! 5 साल में सड़क हादसों में 7.77 लाख मौतें, तांत्रिक बने हथियार सप्लायर को पुलिस ने यजमान बनकर पकड़ा

Good Morning India: Big action in Atul Subhash suicide case, wife, brother and mother arrested! 7.77 lakh deaths in road accidents in 5 years, Tantrik turned arms supplier caught by police posing as

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज महाराष्ट्र में फडणवीस सरकार की कैबिनेट का विस्तार होगा। इसमें 30 से 32 मंत्री शपथ ले सकते हैं। वहीं आज श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके भारत में तीन दिन की राजकीय यात्रा पर आएंगे। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, अतुल सुभाष सुसाइड केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक अतुल सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया उनकी मां निशा सिंघानिया और भाई को बेंगलुरु पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। निकिता को गुरुग्राम से और मां और भाई को इलाहाबाद से अरेस्ट किया गया है। इसके बाद दोनों को बेंगलुरु लाकर कोर्ट के सामने पेश किया गया, कोर्ट ने उन्हें ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस को संविधान का शिकार करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन करने का ऐसा खून कांग्रेस के मुंह लग गया कि वह समय-समय पर संविधान का शिकार करती रही। संविधान की आत्मा को लहूलुहान करती रही। करीब 6 दशक में 75 बार संविधान बदला गया। पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू से लेकर इंदिरा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नेहरू जी ने मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने कहा कि अगर संविधान हमारे रास्ते के बीच आ जाए तो हर हाल में संविधान में परिवर्तन करना चाहिए। उस समय डॉ. राजेंद्र प्रसाद, आचार्य कृपलानी और जेपी जैसे महान लोगों ने इसे गलत बताया। लेकिन पंडित जी ने किसी की बात नहीं सुनी।

उधर राजस्थान के नागौर में पुलिस से बचने के लिए हथियार सप्लायर भीमदान तांत्रिक बन गया। एक पुलिसकर्मी हुलिया बदलकर अपनी समस्या लेकर पहुंचा। तांत्रिक उसके बाल पकड़कर तंत्र-मंत्र करने लगा। इस दौरान पुलिस ने आरोपी का असली नाम पुकारा तो वह घबरा गया और पकड़ा गया। भीमदान पर 12 केस दर्ज हैं।

इधर देश में 5 साल में सड़क हादसों में 7.77 लाख मौतें हुई हैं। यूपी में सबसे ज्यादा 1.08 लाख मौतें हुई हैं। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां 84 हजार मौतें हुई हैं। वहीं 66 हजार के आकंडे के साथ महाराष्ट्र तीसरे नंबर पर है। ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे मिनिस्ट्री ने यह रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक 2021 में देश में सड़क हादसों में 1.53 लाख मौतें हुई थीं, जो 2022 में बढ़कर 1.68 लाख हो गईं।

उधर हरियाणा-पंजाब के शंभू बॉर्डर से दिल्ली रवाना हुए किसानों को पुलिस ने घग्गर नदी पुल पर रोक लिया। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश पर पुलिस ने आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे 10 किसान घायल हुए। करीब 2 घंटे बाद यानी 2 बजे दिल्ली मार्च को टालते हुए किसानों के जत्थे को वापस बुला लिया गया। किसानों का आरोप है कि पुलिस ने रॉकेट लॉन्चर से बम और केमिकल वाला पानी इस्तेमाल किया।

इधर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी लोकसभा में 25 मिनट तक स्पीच दी। उन्होंने सावरकर और एकलव्य-द्रोणाचार्य की कहानी सुनाते हुए भाजपा सरकार पर युवाओं का अंगूठा काटने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा- 'जैसे एकलव्य का अंगूठा काटकर द्रोणाचार्य ने उनका हुनर ले लिया था। उसी तरह भाजपा सरकार अग्निवीर से युवाओं का अंगूठा काट रही है। अडाणी को सारे कारोबार, इंडस्ट्री, पोर्ट, एयरपोर्ट देकर किसानों और युवाओं का गला काटा जा रहा है।'

उधर पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड के केदार घाटी और बद्रीनाथ क्षेत्र में भी अच्छी खासी बर्फबारी हुई है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिख रहा है। इस बीच आईएमडी ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में 19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक शीत लहर चलने की संभावना है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी जिलाधिकारी रविवार को नगर निगमों में पार्षद और नगर पालिका और नगर पंचायतों में वार्ड सदस्यों के आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी करेंगे।