उपनल मुख्यालय पर मंत्री ने मारा छापा, कर्मचारियों के फूले हाथ पांव

Minister raided the Upanal headquarters, employees were in a state of panic

उत्तराखंड उपनल कार्यालय से लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसके बाद आज सोमवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने खुद तमाम व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने कुछ अभिलेखों और फाइलों का भी अवलोकन किया। 

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के मुख्य कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में उपस्थिति पंजिका, फाइल प्रबंधन प्रणाली, शिकायत निवारण प्रक्रिया और सेवा प्रदाय की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया।  सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने अधिकारियों से उपनल द्वारा दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली। मंत्री ने उपनल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक और समयबद्ध सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने कहा कि उपनल के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को रोजगार से जोड़ने का जो उद्देश्य है, उसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ क्रियान्वित किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने कुछ अभिलेखों और फाइलों का भी अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों को अनावश्यक देरी से बचने और प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। गणेश जोशी ने कहा उपनल की भूमिका पूर्व सैनिकों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण है। इस संस्था को पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए. इस दौरान मंत्री जोशी ने उपनल कार्यालय के निकट स्थापित हैंडलूम स्टोर का भी निरीक्षण किया। साथ ही वीर नारियों द्वारा तैयार उत्पादों का अवलोकन किया।