मिडिल ईस्ट तनावः कल मुख्यमंत्रियों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे पीएम मोदी! आगे की तैयारियों और योजनाओं पर होगी चर्चा

Middle East tensions: PM Modi to hold online meeting with Chief Ministers tomorrow to discuss future preparations and plans

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। पीएम मोदी की इस बैठक का मकसद पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध की वजह से उपजे हालातों पर चर्चा करना है। पीएम नरेंद्र मोदी इस मीटिंग में मुख्यमंत्रियों के साथ राज्यों की तैयारियों और आगे की योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस मीटिंग में चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल नहीं होंगे। खबरों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक में टीम इंडिया की भावना के साथ प्रयासों में तालमेल सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक में तैयारियों पर फोकस किया जाएगा, जिसमें आपूर्ति श्रृंखला, ऊर्जा सुरक्षा और विदेश में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल हैं। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि भारत इस समय एलपीजी की कमी का सामना कर रहा है। इससे घरों में इस्तेमाल होने वाले इस जरूरी ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ईरान की ओर से अधिकांश देशों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया गया है। हालांकि भारत को इससे अलग रखा गया है। इसके बावजूद यह चिंता बनी हुई है कि आने वाले समय में हालात और कठिन हो सकते हैं। इससे पहले सरकार ने आज नागरिकों को आश्वस्त किया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद कोई तात्कालिक खतरा नहीं है। सरकार ने बताया कि देश के पास 60 दिनों का ईंधन उपलब्ध है। लोगों से ईंधन की कमी से जुड़ी अटकलों पर ध्यान न देने की अपील की गई। सरकार ने पुष्टि की कि देश की ऊर्जा आपूर्ति स्थिर और अच्छी तरह प्रबंधित है और मौजूदा मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है।