महायुद्ध की कगार पर मिडिल ईस्ट:भारतीय दूतावास ने जारी की चेतावनी,'तुरंत छोड़ें ईरान, यात्रा से बचें'
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में एक बार फिर युद्ध और महाविनाश के काले बादल गहरे छा गए हैं। ईरान, हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच छिड़े ताबड़तोड़ मिसाइल हमलों और भारी गोलाबारी के बाद क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इस भीषण सैन्य संकट के बीच, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और आपातकालीन एडवाइजरी जारी की है।
भारत सरकार ने अपने नागरिकों से साफ तौर पर कहा है कि वे मौजूदा समय में ईरान की किसी भी तरह की यात्रा करने से पूरी तरह बचें। इसके साथ ही, जो भारतीय नागरिक वर्तमान में ईरान के भीतर मौजूद हैं, उन्हें भी दूतावास ने सलाह दी है कि वे बिना समय गंवाए उपलब्ध परिवहन साधनों का इस्तेमाल कर तुरंत देश से बाहर सुरक्षित निकल जाएं। ईरानी मीडिया से आ रही खबरों के मुताबिक, स्थिति उस वक्त ज्यादा गंभीर हो गई जब इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान के साथ-साथ रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण इस्फहान और तबरीज शहरों को निशाना बनाकर सिलसिलेवार हवाई हमले किए। इन हमलों के तुरंत बाद ईरान ने सुरक्षा कारणों से अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पश्चिमी ईरान के केरमानशाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अगली सूचना तक अपनी सभी डोमेस्टिक और इंटरनेशनल उड़ानें पूरी तरह रद्द करने की घोषणा कर दी है। इस बीच, ईरान की तरफ से इजरायल पर भी पलटवार करते हुए रॉकेटों की भारी बौछार की गई है। इन हमलों ने यरूशलम के साथ-साथ रामल्ला और 'डेड सी' (मृत सागर) के आस-पास के रिहायशी और सैन्य इलाकों को सीधे निशाना बनाया है। इस युद्ध में अब अन्य गुट भी कूद पड़े हैं। यमन के हूती विद्रोही गुट ने इजरायल पर अपने हमलों की पुष्टि करते हुए दावा किया है कि उसने इजरायल के कब्जे वाले जाफा इलाके में कई बेहद संवेदनशील ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। ईरान की सरकारी मेहर समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आज सुबह ईरान के पश्चिमी शहर केरमानशाह के आस-पास आसमान में दुश्मन के हवाई खतरों और मिसाइलों का मुकाबला करने के लिए देश के 'एयर डिफेंस सिस्टम' (विमान भेदी प्रणाली) को सक्रिय कर दिया गया है। शहर में लगातार सायरन गूंज रहे हैं। विदेश मंत्रालय और तेहरान स्थित भारतीय दूतावास पल-पल बदलते हालातों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। दूतावास ने ईरान में रह रहे सभी भारतीयों को लगातार अपने संपर्क में रहने, स्थानीय प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और बिना वजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है। किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जा रहे हैं।