मन की बातः प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक युद्ध और ऊर्जा संकट पर जताई चिंता! बोले- ऊर्जा संकट से निपटने के लिए तैयार है भारत, देशवासियों से की खास अपील

Mann Ki Baat: Prime Minister Modi expressed concern over global war and the energy crisis. He said, "India is prepared to address the energy crisis." He made a special appeal to his countrymen.

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सम्बोधित किया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक स्तर पर चल रहे युद्धों और संघर्षों के बीच देश की स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विशेष रूप से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर गहरी चिंता जाहिर की और कहा कि भारत इन चुनौतियों का सामना दृढ़ता और एकता के साथ करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मार्च का यह महीना वैश्विक स्तर पर बेहद घटनापूर्ण रहा है। हम सभी को याद है कि कोविड के कारण दुनिया को लंबे समय तक अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा था। हमें उम्मीद थी कि इस संकट के समाप्त होने के बाद दुनिया एक नई शुरुआत के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगी। लेकिन अफसोस कि अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष की स्थितियां लगातार सामने आती रहीं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि फिलहाल हमारे पड़ोस में पिछले एक महीने से एक भीषण युद्ध चल रहा है। लाखों भारतीय परिवारों के रिश्तेदार इन देशों में, विशेष रूप से खाड़ी देशों में रहते और काम करते हैं। मैं खाड़ी देशों का हृदय से आभारी हूं कि उन्होंने वहां मौजूद एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर तरह की मदद मुहैया कराई है। उन्होंने ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र, जिसमें युद्ध चल रहा है, हमारी ऊर्जा जरूरतों का एक बड़ा केंद्र भी है। इस कारण विश्वभर में पेट्रोल और डीजल का संकट पैदा हो रहा है। भारत अपनी वैश्विक संबंधों और अपनी क्षमताओं की बदौलत इन चुनौतियों का डटकर सामना कर रहा है। हमने पिछले एक दशक में अपनी ऊर्जा क्षमताओं का विकास किया है, जिससे हम इन कठिनाइयों को सहन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से अपील की कि वे एकजुट रहें और इस समय को मिलकर पार करें। उन्होंने कहा कि इस समय अफवाहें फैलना और गलत जानकारी का प्रसार बहुत नुकसान पहुंचा सकता है। मैं सभी से आग्रह करता हूं कि वे केवल सरकार की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।