केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा: सोनप्रयाग में पहाड़ी से गिरे पत्थर! एक व्यक्ति की मौत, एक घायल
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग में आज बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से दो लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक नेपाली मूल का बताया जा रहा है, जबकि घायल स्थानीय निवासी है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र संवेदनशील स्थानों से दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार सोनप्रयाग क्षेत्र में यात्रा मार्ग के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने लगे। इस दौरान वहां मौजूद दो लोग पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर लगी दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। यात्रा मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की।