उत्तराखण्ड में बड़ा हादसाः देवप्रयाग में खाई में गिरी कार! पांच लोगों की मौत की खबर, घायल बच्चे को पहुंचाया अस्पताल

Major accident in Uttarakhand: Car plunges into a gorge in Devprayag! Five people reported dead; injured child rushed to the hospital.

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखण्ड में आज शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां पौड़ी गढ़वाल जिले में देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में पांच लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है, जबकि एक घायल बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है। हांलाकि अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही थी। वाहन में करीब छह से सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। जैसे ही वाहन देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के पास पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन कई मीटर नीचे जा गिरा। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण बिना अपनी जान की परवाह किए खाई की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने घायलों तक पहुंचने का प्रयास किया और साथ ही पुलिस एवं प्रशासन को तत्काल सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता के कारण राहत एवं बचाव कार्य में शुरुआती मदद मिल सकी। इधर सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।