ऊधम सिंह नगर में फिर मुठभेड़ः लूट और अप्राकृतिक कृत्य का आरोपी गिरफ्तार! पैर में लगी गोली, अस्पताल पहुंचे एसएसपी

Another encounter in Udham Singh Nagar: Accused in robbery and unnatural sexual offense case arrested! Shot in the leg; SSP visits the hospital.

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में युवक से मारपीट कर लूट और अप्राकृतिक कृत्य के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की जबावी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। इधर सूचना पर एसएसपी अजय गणपति भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। जानकारी के अनुसार नानकमत्ता कोतवाली की पुलिस टीम लूट, मारपीट और कुकर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में चैकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने मच्छी झाला के समीप डैम बंधे पर एक संदिग्ध बाईक सवार को रोकने का प्रयास किया। बाईक सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी की। इस दौरान बाईक सवार अनियंत्रित होकर फिसल गया और पैदल ही भाग खड़ा हुआ। चेतावनी के बाद भी आरोपी लगातार फायर करता रहा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गलाबाग रोड के कच्चे रास्ते पर गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जिला चिकित्सालय ले जाया गया। सूचना पर एसएसपी भी अस्पताल पहुंचे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी दीपक सिंह निवासी झनकट एवं मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त 2026 को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स एवं नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था।‌ पुलिस ने उसके कब्जे से 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा कारतूस, 1 जिन्दा कारतूस, घटना में लूटा गया पर्स, 1,220 भारतीय मुद्रा, 30 रुपए नेपाली मुद्रा, 1 एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड, 1 मोबाइल खरीद का बिल, हीरो स्प्लेंडर प्लस बिना नंबर की बाईक बरामद किया गया।