उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित! 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिवों की हुई नियुक्ति

Major organizational reshuffle in Uttarakhand Congress; new state executive committee announced! 24 Vice-Presidents, 36 General Secretaries, and 107 Secretaries appointed.

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंजूरी के बाद उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के नए पदाधिकारियों और विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवा चेहरों की ऊर्जा का संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में गोदावरी थपलियाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा 24 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष, 36 नेताओं को प्रदेश महासचिव और 107 नेताओं को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि नई टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से बनाई गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी और विभिन्न समितियों के गठन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी गई। इसके साथ ही प्रदेश संगठन में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों पर भी विराम लग गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही कांग्रेस ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि पार्टी अब संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी बनाने की दिशा में तेजी से काम करेगी।