Aug 19, 2026 Login

देहरादून में देर रात पुलिस मुठभेड़: बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाला 'तमंचा' पैर में गोली लगने से गिरफ्तार

Late-night police encounter in Dehradun: Chain snatcher who targeted elderly woman arrested after being shot in the leg.

देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में देर रात पुलिस और एक दुस्साहसी अपराधी के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान 14 अगस्त को एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग (लूट) के मुख्य आरोपी आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात हरबंसवाला बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह टी-स्टेट की ओर तेजी से निकल गया। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल आरोपी को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल में आरोपी की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में 75 वर्षीय महिला के गले से चेन झपटी थी। इस मामले में उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज था। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चेन स्नेचिंग में लूटी गई चेन भी बरामद कर ली। इससे पुलिस को घटना के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीली एक्टिवा स्कूटी भी कब्जे में ली गई। प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब स्कूटी चोरी के मामले की भी कड़ियां जोड़ रही है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आकाश उर्फ तमंचा शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के साथ-साथ उसके संभावित नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास और हाल की घटनाओं को देखते हुए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अकेले वारदात करता था या उसके साथ अन्य अपराधी भी जुड़े हुए हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा और चेकिंग बढ़ा दी है। राजधानी में लगातार हो रही चोरी और झपटमारी की घटनाओं के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।