Oct 31, 2026 Login
Awaaz24x7-government

उत्तराखण्डः राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं! पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब

 Uttarakhand: Major announcements by CM Dhami on National Unity Day! Honorarium for PRD personnel to be increased; 'Chief Minister Sports Clubs' to be established in every Gram Panchayat.

देहरादून। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर सहित सभी जनपदों में पुलिस लाइनों में भव्य परेड का आयोजन हुआ। देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं और प्रांतीय रक्षक दल पीआरडी के जवानों के हित में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के लिए शासन स्तर पर जल्द ही एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन किया जाएगा। इससे सुदूरवर्ती गांवों में खेलों का माहौल बनेगा और स्थानीय युवाओं को सही मार्गदर्शन मिल सकेगा। इसके अतिरिक्त, देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र के निकट खाली भूमि को युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इस भूमि पर एक आधुनिक मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा।

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ी
सीएम ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत तमाम स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाए जाने की भी घोषणा की है। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार 500 से बढ़ाकर 700, द्वितीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 500 और तृतीय पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपए की जाएगी। इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार 800 से बढ़ाकर 1000, द्वितीय पुरस्कार 600 से बढ़ाकर 800 और तृतीय पुरस्कार 400 से बढ़ाकर 600 किया जाएगा। इसके अलावा, राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 1500 से बढ़ाकर 2000, द्वितीय पुरस्कार 1000 से बढ़ाकर 1500 और तृतीय पुरस्कार 700 से बढ़ाकर 1000 रुपए किए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि किए जाने की घोषणा की। सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कूटनीति से सैकड़ों रियासतों का विलय कर आधुनिक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से पटेल जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाकर देश को एकता के सूत्र में पिरोया जा रहा है। हमारी पहली और अंतिम पहचान भारतीय है और यही भावना राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है।