भूस्खलन हादसाः यमुनोत्री पैदल मार्ग पर फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन! कुछ और लोगों के दबे होने की आंशका

Landslide accident: Rescue operation resumed on Yamunotri walking path! There is a possibility of some more people being buried

उत्तरकाशी। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर विगत सोमवार को हुए भूस्खलन के बाद आज सुबह फिर से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान डीएम प्रशांत आर्य भी जानकीचट्टी पहुंच चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों से घटना और रेस्क्यू से संबंधित जानकारी ली है। बता दें कि सोमवार को नौकैंची के समीप मलबा बोल्डर आने से कई लोग उसमें दब गए थे। सोमवार देर शाम तक एक 12 वर्षीय किशोरी समेत दो शव निकाल दिए गए थे, वहीं एक घायल को उपचार के लिए भेजा गया था। एक से दो और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रात करीब नौ बजे तेज बारिश होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया था। वहीं अब प्रशासन ने निर्णय लिया है कि यमुनोत्री धाम की यात्रा को भंडेलीगाड़ से ढाई किमी लंबे वैकल्पिक मार्ग से संचालित करवाया जाएगा।
सोमवार को जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नौैकैंची के पास अचानक बोल्डर और मलबा गिर गया था। उस दौरान पैदल मार्ग पर जा रहे करीब चार से पांच लोग बोल्डर के साथ खाई में जा गिरे। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंची। मलबे और बोल्डर के नीचे दबे मुंबई निवासी रशिक को बाहर निकालकर उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी भेजा। मलबे में दबने वालों की पहचान हो गई है।