खटीमा हत्याकाण्डः भतीजा ही निकला हत्यारा! पैसों के खातिर गला दबाकर बुजुर्ग महिला को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 72 घंटे के भीतर किया खुलासा

Khatima murder case: Nephew turns out to be the killer! Elderly woman strangled to death for money, police solve the case within 72 hours.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने खटीमा हत्याकाण्ड का खुलासा कर दिया है और मामले में मृतका के ही भतीजे को गिरफ्तार किया है। आज इस मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि विगत 18 फरवरी की देर रात्रि डायल 112 के माध्यम से कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में एक मकान के भीतर वृद्ध महिला  जानकी चंद का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट एवं आरएफएसएल कुमाऊं यूनिट की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए गए। बाद में मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया। इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा तत्काल विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने गहन जांच-पड़ताल करते हुए लगभग 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया तथा आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद का नाम प्रकाश में आया। 21 फरवरी को खटीमा पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर आरोपी रवि चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 17 फरवरी की शाम वह पैसों की आवश्यकता के चलते मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा, उनके साथ भोजन किया तथा अवसर पाकर मफलर से उनका मुंह और गला दबा दिया। संघर्ष के दौरान वृद्धा मुंह के बल फर्श पर गिर गई जिससे उनके नाक-मुंह से रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद आरोपी ने अलमारी से एक पर्स निकाल लिया, जिसमें नकदी एवं अन्य सामान था। शक से बचने के लिए उसने मकान के बाहर ग्रिल पर ताला लगा दिया और दरवाजे की कुंडी बंद कर मौके से फरार हो गया।