केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसाः पंचतत्व में विलीन हुए पायलट राजवीर सिंह! सेना की वर्दी में पत्नी ने दी विदाई, नम हुई हर आंख

Kedarnath helicopter accident: Pilot Rajveer Singh merged into the five elements! Wife bid him farewell in army uniform, every eye became moist

जयपुर। केदारनाथ हेलीकॉप्टर हादसे मंे जान गंवाने वाले भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह चौहान को आज अंतिम विदाई दी गई। उनकी अंतिम यात्रा जयपुर के शास्त्री नगर में राणा कॉलोनी स्थित उनके घर से चांदपोल मोक्षधाम के लिए रवाना हुई। इससे पहले परिजनों और शहरवासियों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजवीर की लेफ्टिनेंट कर्नल पत्नी दीपिका चौहान ने उन्हें सैल्यूट किया और अंतिम यात्रा में उनकी फोटो थामे चली। सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी राजवीर सिंह के घर पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। हवामहल से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य भी राजवीर सिंह के घर पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। वे अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। बता दें कि 15 जून को केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश में राजवीर सहित 7 लोगों की मौत हो गई थी। दरअसल राजवीर सिंह भारतीय सेना की एविएशन विंग में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात थे। उन्होंने बीते साल सितंबर में सेवानिवृत्ति के बाद बतौर पायलट निजी एविएशन कंपनी जॉइन की थी। रविवार सुबह वे हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं को केदारनाथ लेकर जा रहे थे। इस दौरान खराब मौसम के चलते उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट राजवीर सहित सात लोगों की मौत हो गई थी। राजवीर सिंह की पत्नी दीपिका चौहान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। उन्होंने करीब चार महीने पहले ही जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। भाई चंद्रवीर सिंह ने बताया कि भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने बतौर पायलट एक निजी एविएशन कंपनी जॉइन की थी। राजवीर सबसे आगे हेलिकॉप्टर उड़ा रहे थे। मौसम खराब हुआ तो उन्होंने दूसरे हेलिकॉप्टर के पायलट को मौसम के बारे में अपडेट किया था। उनका हेलिकॉप्टर रविवार तड़के क्रैश हुआ था। शव की शिनाख्त के बाद सोमवार रात को उनका शव जयपुर स्थित घर लाया गया।