पहाड़ की शांति में फिर खलल?पर्यटन या गुंडागर्दी? नैनीताल में स्थानीय से मारपीट और हथियार दिखाने के आरोप

Is the peace of the hills being disrupted again? Tourism or hooliganism? Allegations of assault on a local and brandishing of weapons in Nainital.

सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का एक मामला सामने आया है। घटना नैनीताल क्लब के समीप की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार  हरियाणा की एक बड़ी मारुति वैगनआर  जैसी दिखने वाली कार में सवार कुछ पर्यटक नीचे की ओर जा रहे थे। उसी दौरान एक स्थानीय  व्यक्ति कुछ सामान खरीदकर अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि वाहन चालक ने बुजुर्ग के बेहद करीब से वाहन निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालक द्वारा हॉर्न भी नहीं बजाया गया, जिस पर स्थानीय व्यक्ति ने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद वाहन में सवार कुछ लोग गाड़ी से नीचे उतर आए और बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए विवाद करने लगे।

घटना के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पर्यटकों में से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पिस्टल जैसी वस्तु निकालकर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराज़गी व्याप्त है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नैनीताल आने वाले अधिकांश पर्यटक शहर की संस्कृति और लोगों का सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ लोगों के ऐसे व्यवहार से पूरे पर्यटन उद्योग की छवि प्रभावित होती है।

स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि वे पहाड़ की शांति और संस्कृति का सम्मान करें तथा स्थानीय निवासियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखें। लोगों का कहना है कि अपना गुस्सा और आक्रामकता अपने साथ ही छोड़कर आएं, पहाड़ और यहां के लोगों का सम्मान करें।

 

(नोट: पिस्टल दिखाने और धमकाने के आरोप प्रत्यक्षदर्शियों एवं स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।)