ग्लोबल मंच पर भारत का दम: फ्रांस पहुंचे पीएम मोदी,आज मैक्रों के साथ करेंगे 'भारत इनोवेट्स' का शंखनाद,ट्रंप के साथ भी जल्द होगी महामुलाकात

India's prowess on the global stage: PM Modi arrives in France; today, he will launch 'India Innovates' alongside Macron; a major meeting with Trump is also scheduled soon.

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी महत्वपूर्ण विदेश यात्रा के तहत फ्रांस के खूबसूरत शहर नीस पहुंच चुके हैं। कूटनीति, नवाचार और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से पीएम मोदी का यह दौरा बेहद ऐतिहासिक माना जा रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी आज कई उच्च स्तरीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस यात्रा के दौरान दोनों वैश्विक नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता तो होगी ही, साथ ही वे संयुक्त रूप से 'भारत इनोवेट्स-2026' महा-कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इस दौरे के जरिए भारत खुद को वैश्विक नवाचार और प्रौद्योगिकी के सबसे बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने का एक मजबूत संदेश देने जा रहा है।

नीस में आयोजित होने वाला 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों और केंद्र पोषित तकनीकी संस्थानों से निकल रहे अत्याधुनिक आविष्कारों को वैश्विक पहचान दिलाने की एक अनूठी पहल है। इस मंच के जरिए भारत की उभरती हुई डीप-टेक कंपनियों और तकनीकी स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने पेश किया जाएगा। देश के युवा उद्यमियों को वैश्विक दिग्गजों का मार्गदर्शन, भारी निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के बड़े अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रपति मैक्रों के अलावा फ्रांस और यूरोप के सरकार, उद्योग, निवेश और शोध जगत के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। फ्रांस की धरती पर कदम रखते ही प्रधानमंत्री मोदी का प्रवासी भारतीयों ने पलक-पावड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और तिरंगे के साथ बड़ी संख्या में जुटे भारतीय समुदाय के उत्साह को देखकर पीएम मोदी भावुक हो गए। सोशल मीडिया मंच 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर इस पल को साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा-"नीस में भारतीय समुदाय द्वारा मिला स्वागत अविस्मरणीय रहा। भारत से हजारों मील दूर रहने के बावजूद हमारे प्रवासी भाई-बहनों का अपनी मातृभूमि के साथ जुड़ाव आज भी उतना ही अटूट और मजबूत है। प्रधानमंत्री ने यह भी साफ किया कि उनके इस व्यस्त दौरे में नीस के अलावा एवियन और राजधानी पेरिस में भी कई बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम और द्विपक्षीय बैठकें शामिल हैं। राजनयिक गलियारों में इस बात की सबसे ज्यादा चर्चा है कि इस दौरे के दौरान भारत-फ्रांस और भारत-अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को एक नई ऊंचाई मिलने वाली है। आज होने वाली मोदी-मैक्रों वार्ता में रक्षा, निवेश, उन्नत तकनीक और रणनीतिक सहयोग को लेकर कई बड़े समझौतों पर मुहर लग सकती है। वहीं, इस दौरे के ठीक बाद प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी एक हाई-प्रोफाइल मुलाकात तय हो चुकी है। वैश्विक विशेषज्ञों का मानना है कि जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर फ्रांस और अमेरिका के राष्ट्रपतियों के साथ पीएम मोदी की यह बैक-टू-बैक बैठकें बदलती वैश्विक भू-राजनीति  में भारत के बढ़ते कद और प्रभाव का सबसे बड़ा प्रमाण हैं।