रुद्रपुर में नशा तस्करों का पुलिस पर हमला, पत्थरबाजी में हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल
रुद्रपुर के सुभाष कॉलोनी क्षेत्र में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर नशा तस्करों ने हमला कर दिया। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पुलिस टीम पर जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में पुलिस के हेड कांस्टेबल भुवन पांडे के सिर पर ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हेड कांस्टेबल को साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। वही स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सुभाष कॉलोनी और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को सुभाष कॉलोनी में नशे की तस्करी और अवैध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस टीम जांच और कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस पर हुए हमले के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।