आरा में अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी की गला दबाकर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

आरा। उदवंतनगर थाना क्षेत्र के पियनिया गांव में मंगलवार की सुबह अवैध संबंध के विरोध पर पति ने अपनी ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका 30 वर्षीय अनीता देवी संदेश थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव निवासी रंजय साह की पत्नी थी। मृतका के गले पर रस्सी का काला दाग एवं नाक व मुंह से सफेद झाग जैसा पाया गया है। स्वजन गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं।
शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इस दौरान एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य का संकलन किया। इधर, मृतक की भाभी निशु देवी ने बताया कि अनीता की शादी बारह वर्ष पूर्व संदेश थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव निवासी रंजय साह से हुई थी। वह करीब पांच वर्ष से अपने मायके पियनिया गांव में आकर रहती थी। उसके पति का अपनी ही भाभी से अवैध संबंध चला आ रहा था। विरोध करने पर अक्सर मारपीट करता था और खर्चा के लिए पैसा भी नहीं देता था। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। पांच माह पूर्व उसकी मां की मौत हो गई थी। सास की मौत के बाद से करीब पांच महीने से पति रंजय साह उसके साथ मायके पियनिया गांव में आकर रह रहा था। सोमवार की रात सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में चले गए। इस बीच उसने अपनी पत्नी की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह जब परिवार वाले उठे तो उन्होंने देखा कि उसके कमरे का दरवाजा खुला है व बच्चे सोए हैं और उसका पति फरार हो चुका है। इसके बाद स्वजनों ने इसकी सूचना उदवंतनगर थाना को दी। सूचना पर उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे। मृतका की भाभी ने पति रंजय साह पर अवैध संबंध का विरोध करने पर पत्नी की रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका अपने दो भाई व दो बहन में छोटी थी। मृतका को दो पुत्र सूरज, रौशन एवं एक पुत्री खुशी है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।