ऐतिहासिक लम्हा: रांची में पहली बार सजेगा 'डूरंड कप' का महामंच, 26 जुलाई से बिरसा मुंडा स्टेडियम में दिखेगा अंतरराष्ट्रीय रोमांच

Historic Moment: Ranchi to host the grand stage of the 'Durand Cup' for the first time; international excitement to unfold at Birsa Munda Stadium starting July 26.

रांची। झारखंड के खेल इतिहास में 26 जुलाई का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है। देश और एशिया के सबसे पुराने व प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट 'डूरंड कप' की मेजबानी के लिए राजधानी रांची पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। डूरंड कप के 135वें संस्करण के तहत रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक फुटबॉल का महाकुंभ चलने वाला है। 138 साल पुराने इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के कुल सात मुकाबले रांची की धरती पर खेले जाएंगे, जिसमें ग्रुप सी के छह लीग मैच और एक हाई-वोल्टेज क्वार्टर फाइनल मैच शामिल है।

रांची में इस भव्य आयोजन को लेकर राज्य के खेल विभाग, भारतीय सेना और जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के रांची आने से स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। मुकाबलों को भव्य बनाने के लिए 30,000 दर्शकों की क्षमता वाले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार अपग्रेड किया जा रहा है। खेल सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद स्टेडियम की पिच, फ्लड लाइट्स, खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम, दर्शकों की सुरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है, ताकि बारिश के मौसम में भी खेल में कोई बाधा न आए। रांची के खेल प्रेमियों के लिए यह भारतीय राष्ट्रीय टीम के स्टार खिलाड़ियों को लाइव खेलते देखने का एक दुर्लभ अवसर होगा। टूर्नामेंट में जमशेदपुर एफसी की ओर से खेलने वाले स्टार विंगर ऋत्विक दास मैदान पर मुख्य आकर्षण होंगे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सीनियर राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके साथ ही इंडियन सुपर लीग (ISL) के बेहद अनुभवी और दिग्गज डिफेंडर प्रतीक चौधरी भी रक्षापंक्ति की कमान संभालते नजर आएंगे। रांची और पूरे झारखंड के फुटबॉल प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा तोहफा यह है कि स्टेडियम में मैचों को लाइव देखने के लिए प्रवेश बिल्कुल मुफ्त रहेगा। पास और टिकट बिना किसी शुल्क के जारी किए जाएंगे। खेल विभाग का लक्ष्य है कि राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों से आने वाले फुटबॉल प्रशंसक और उभरते युवा खिलाड़ी बिना किसी आर्थिक बाधा के इस विश्वस्तरीय टूर्नामेंट का आनंद ले सकें और प्रेरित हो सकें। रांची के ग्रुप सी में घरेलू टीमों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल का तड़का भी लगेगा। यहां जमशेदपुर एफसी, इंडियन एयर फोर्स और एससी दिल्ली जैसी दिग्गज भारतीय टीमों के अलावा श्रीलंका की मशहूर डिफेंडर्स एफसी भी अपनी चुनौती पेश करेगी, जिससे मुकाबले बेहद कड़े और रोमांचक होने की उम्मीद है। टूर्नामेंट का माहौल बनाने और शहर में रोमांच बढ़ाने के लिए आगामी 18 जुलाई को रांची में भव्य 'डूरंड कप ट्रॉफी टूर' का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान चमचमाती डूरंड ट्रॉफी को शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजारा जाएगा, जहां खेल प्रेमी इसका दीदार कर सकेंगे।

नोट कर लें रांची में होने वाले ग्रुप C के मैचों का पूरा शेड्यूल:
तारीख    मुकाबला                                                          समय
26 जुलाई    जमशेदपुर एफसी बनाम डिफेंडर्स एफसी      शाम 5:00 बजे
29 जुलाई    इंडियन एयर फोर्स बनाम डिफेंडर्स एफसी     शाम 7:00 बजे
04 अगस्त    जमशेदपुर एफसी बनाम एससी दिल्ली          शाम 4:00 बजे
07 अगस्त    एससी दिल्ली बनाम डिफेंडर्स एफसी             शाम 4:00 बजे
10 अगस्त    एससी दिल्ली बनाम इंडियन एयर फोर्स          शाम 7:00 बजे
13 अगस्त    जमशेदपुर एफसी बनाम इंडियन एयर           दोपहर 4:00 बजे
16 अगस्त    क्वार्टर फाइनल: विजेता (टीम-1) बनाम विजेता (टीम-2) शाम 4:00 बजे