यूपी में बड़ा हादसा: ग्रेटर नोएडा के इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार-बीम गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत,तीन घायल

Major tragedy in UP: Massive fire at an electronic chip factory in Greater Noida; two firefighters killed and three injured due to the collapse of a wall and beam.

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इस फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से दो जांबाज फायरकर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, मध्यरात्रि में आईएलजीआईएम कंपनी परिसर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम दमकल की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। जांबाज दमकलकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर लपटों को बुझाने में जुटे हुए थे, तभी अचानक जर्जर हुई साइड की दीवार और लोहे का विशाल बीम नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। घटना की भयावहता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। मलबे के नीचे किसी और के दबे होने की आशंका के चलते तुरंत एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मलबे को खंगाला और स्थिति को नियंत्रित किया। कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। पुलिस ने शहीद हुए दोनों फायरकर्मियों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई (पोस्टमार्टम आदि) शुरू कर दी है। आग लगने की मुख्य वजहों का अब तक पूरी तरह पता नहीं चल सका है, जिसके लिए फायर ब्रिगेड और पुलिस की विशेष टीमें तकनीकी जांच कर रही हैं। प्रशासन ने पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की बात कही है।