अल्मोड़ा में कोहराम: चमड़खान जा रही कार खाई में गिरी, जागर लगाकर लौट रहे तीन जगरियों की दर्दनाक मौत,परिवारों में मचा चीत्कार
भिकियासैंण। अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र से आज सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। रापड़–गंगोड़ा–चमड़खान मोटर मार्ग पर आज गुरुवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये तीनों व्यक्ति पेशे से जागरी (लोक गायक) थे, जो रात भर जागर कार्यक्रम में अपनी कला का प्रदर्शन कर वापस घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, कार संख्या UK04 T 6683 में सवार तीनों लोग बुधवार रात नौघरिया (सिनौड़ा) और ग्राम चमोली पुसैला क्षेत्र में आयोजित एक जागर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पूरी रात आध्यात्मिक अनुष्ठान और लोक गायन संपन्न करने के बाद, सुबह करीब साढ़े चार बजे वे वापस अपने घर चमड़खान (तहसील रानीखेत) की ओर लौट रहे थे। इसी बीच, भिकियासैंण के पास चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से छिटक कर सीधे गहरी खाई में जा समाई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तहसीलदार बर्खा जलाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और एसडीआरएफ के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। खाई काफी गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ टीम प्रभारी महिपाल सिंह ने बताया कि जवानों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में नीचे उतरकर कार में फंसे तीनों व्यक्तियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उन सभी की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत, कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है। वही तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास अभी जारी हैं। थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। एक साथ तीन होनहार जगरियों की मौत से पूरे रानीखेत और भिकियासैंण क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये कलाकार अपनी परंपरा और संस्कृति के संवाहक थे। इस रेस्क्यू अभियान में कांस्टेबल हरीश पांडेय, अमित, राजेंद्र, जगमोहन, आनंद और होमगार्ड रोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से घरों में कोहराम मचा हुआ है।