जहाज में गई हो कभी...! देहरादून में बच्ची से मिले राहुल गांधी, चॉकलेट देकर पूछा- बड़ी होकर क्या बनोगी? ‘पायलट’ बनने का सपना सुन मुस्कुराए नेता प्रतिपक्ष

"Have you ever been on a plane...?" Rahul Gandhi met a young girl in Dehradun; after giving her a chocolate, he asked, "What do you want to be when you grow up?" The Leader of the Opposition smiled u

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखण्ड के दौरे पर हैं। राजधानी देहरादून में वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सम्बोधित करेंगे। राहुल गांधी के उत्तराखण्ड दौरे के दौरान एक बेहद भावुक और आत्मीय क्षण देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। राहुल गांधी ने अपने व्यस्ततम कार्यक्रम के बीच एक नन्ही बच्ची हुमैरा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्ची को चॉकलेट और टॉफी देकर उससे बेहद स्नेहपूर्वक बातचीत की। दोनों के बीच हुई यह छोटी-सी बातचीत अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। कार्यक्रम में राहुल गांधी जब लोगों के बीच पहुंचे तो उनकी नजर एक छोटी बच्ची पर पड़ी। वह उसके पास गए, मुस्कुराते हुए उसे चॉकलेट और टॉफी दी और बड़े ही अपनत्व के साथ पूछा, ‘बड़ी होकर क्या बनना चाहती हो?’ राहुल गांधी के इस सवाल पर बच्ची ने बिना झिझक मुस्कुराते हुए जवाब दिया, पायलट। बच्ची का जवाब सुनकर राहुल गांधी भी मुस्कुरा पड़े। इसके बाद उन्होंने उससे एक और सवाल किया, क्या तुम कभी हवाई जहाज में बैठी हो? इस पर बच्ची ने मासूमियत से नहीं में जवाब दिया। यह सहज और भावनात्मक संवाद वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आया। राहुल गांधी और बच्ची की इस मुलाकात का वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में राहुल गांधी का सहज और आत्मीय व्यवहार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस पल को मासूमियत और संवेदनशीलता का सुंदर उदाहरण बताते हुए वीडियो साझा कर रहे हैं। दरअसल, राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और युवाओं से संवाद किया तथा शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा पहुंचे हैं। इसी दौरान हुमैरा से हुई यह छोटी-सी मुलाकात कार्यक्रम की सबसे चर्चित झलक बन गई। राजनीतिक भाषणों और गंभीर मुद्दों के बीच यह मानवीय और भावनात्मक पल लोगों के दिलों को छू गया। बच्ची के पायलट बनने के सपने और राहुल गांधी के साथ हुई उसकी मासूम बातचीत ने इस कार्यक्रम को एक अलग ही यादगार क्षण दे दिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है, जहां लोग इस संवाद की सादगी और आत्मीयता की सराहना कर रहे हैं।