हल्द्वानी गोलीकाण्ड का खुलासा! मुख्य आरोपी समेत सात लोग गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी में बिड़ला स्कूल के पास प्रेमपुर लोशज्ञानी रोड पर 23 जून को हुए गोली काण्ड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी रोहित समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने मामले की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात आईटीआई गैंग और धुड़दौड़ा गैंग के बीच गैंगवार हुई थी। आईटीआई गैंग के सदस्यों ने कार सवार धुड़दौड़ा गैंग के चार युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की गई थी। एक गोली घुड़दौड़ा गैंग के एक सदस्य को भी लगी थी, तभी से पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रोहित मंडोला समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले और सर्विलांस सेल की मदद से अभियुक्तों की पहचान की। सभी आरोपियों को बेलबाबा मंदिर से आगे जंगल के पास दबोचा गया। मुख्य आरोपी रोहित मंडोला के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। साथ ही घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मंडोला, प्रियांशु बिष्ट, विशाल बिष्ट, जीवन बिष्ट, उज्ज्वल परगाई, अक्षय रंगवाल उर्फ अक्कू और संदीप कुमार शामिल हैं। इनमें से कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।