हल्द्वानीः कमरे से आई चीखने-चिल्लाने की आवाजें! दरवाजा खोलते ही उड़े होश, होटल के बाथरूम में नग्न अवस्था में मिला यूपी के युवक का शव
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे के बाथरूम में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला, जबकि कमरे और बाथरूम में चारों ओर उल्टी फैली हुई थी। घटना से पहले कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई है, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना मुखानी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के पास बने होटल नंदी की है। मृतक की पहचान यूपी के जौनपुर निवासी 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार को होटल में आकर ठहरा था। दिनभर सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन रात होते-होते होटल में अचानक हड़कंप मच गया। होटल संचालक के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे युवक के कमरे से अचानक जोर-जोर से चीखने और चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। पहले तो कर्मचारियों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन जब आवाजें लगातार आती रहीं तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने मास्टर की की मदद से कमरे का दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। युवक बाथरूम के फर्श पर नग्न अवस्था में मृत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में जगह-जगह उल्टी फैली हुई थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। होटल कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक होटल में अकेला आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। मामले को लेकर अमित कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके हल्द्वानी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि लाल साहब पटेल हल्द्वानी किस उद्देश्य से आया था। क्या वह किसी कामकाज के सिलसिले में यहां पहुंचा था या उसके आने के पीछे कोई अन्य वजह थी। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि घटना से पहले युवक के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और क्या किसी ने उससे मुलाकात की थी।