हल्द्वानी दोहरा हत्याकाण्डः युवक की हुई पहचान! अल्मोड़ा का रहने वाला है मृतक, युवती की पहचान की कोशिश जारी
हल्द्वानी। हल्द्वानी में हुए दोहरे हत्याकाण्ड को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार पड़ताल कर रहा है। अज्ञात बदमाशों ने करीब 22 साल की युवती और 30 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक और युवती दोनों से सिर बुरी तरह पत्थर से कुचले हैं। जिस पत्थर से युवक और युवती के सिर कुचले गए हैं, वो शवों के पास में ही पड़ा मिला। पत्थर पर खून के निशान साफ देखे जा सकते हैं। पत्थर काफी बड़ा और वजनी है। फॉरेंसिक टीम ने पत्थर को सबूत के तौर पर चिन्हित किया है। शवों की हालत ऐसी है कि चेहरे देखकर कोई भी उन्हें नहीं पहचान सकता है। पुलिस जांच में मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। दरअसल उसकी जेब से पुलिस को उसका आधार कार्ड मिला, आधार कार्ड में शुभम की जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 लिखी हुई है। आधार कार्ड में लिखे मोबाइल नंबर से पुलिस ने उसके बारे में जानकारी हासिल की। वहीं युवती की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न माध्यमों से उसकी पहचान करने में लगी है। इससे पहले एसपी सिटी मनोज कत्याल नवीन गल्ला मंडी पहुंचे, जहां डबल मर्डर हुआ था।