हल्द्वानीः आरटीओ दफ्तर में जिलाधिकारी की छापेमारी! खामिया मिलने पर लगाई फटकार, बिचौलियों में मची भगदड़

Haldwani: District Magistrate raids RTO office; finds flaws, reprimands middlemen, panics

हल्द्वानी। हल्द्वानी आरटीओ कार्यालय में आज शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अचानक छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इधर निरीक्षण की भनक लगते ही कार्यालय परिसर में सक्रिय बिचौलिए मौके से फरार हो गए। जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम से लेकर आमजन से जुड़ी सुविधाओं तक का गहन निरीक्षण किया और कई खामियां सामने आने पर कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम में फाइलों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि रिकॉर्ड व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से नेम प्लेट और आई कार्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आमजन को यह पहचानने में आसानी होगी, कि कौन अधिकारी या कर्मचारी है और कौन बाहरी व्यक्ति। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में शिकायत पेटिका न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और तत्काल शिकायत पेटिका लगाने के आदेश दिए, ताकि लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की कम से कम हर सात दिन की रिकॉर्डिंग नियमित रूप से चेक की जाए, ताकि किसी भी तरह की अनियमित गतिविधि पर नजर रखी जा सके। डीएम ने यह भी आदेश दिए कि कार्यालय परिसर में स्पष्ट रूप से फ्लेक्सी बोर्ड लगाया जाए, जिसमें लिखा हो कि यहां सरकार द्वारा कोई भी निर्धारित एजेंट नहीं है, ताकि बिचौलियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।